इजरायल का ‘हमास समर्थकों’ को करारा जवाब, नेतन्याहू ने एक पोस्ट में खोल दी पोल कहा ‘तुम्हारी आंखे तब कहां थी…’
नई दिल्ली. दक्षिण गाजा के राफा शहर में इजरायल डिफेंस फोर्स के हवाई हमलों के बाद हर कोई पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार को आड़े हाथों लेता नजर आया. दुश्मन तो दुश्मन इजरायल के मित्र देशों ने भी उसके इस कदम को जमकर कोसा. भारत सहित दुनिया भर में नामचीन लोग सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को जमकर शेयर करने लगे. देखते ही देखते ‘ALL Eyes on Rafa’ इमेज वाला पोस्ट ट्रेंड करने लगा. अब इजरायल की तरफ से भी सोशल मीडिया वार का जवाब सोशल मीडिया के माध्यम से ही दिया गया है. पीएम बेंजामिन नेतान्याहू के एक पोस्ट ने सभी की पोल खोलकर रख दी है.
इजरायल के पीएम ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘तुम्हारी आखें 7 अक्टूबर को कहां थी.’ इस पोस्ट में हमास के दरिंदे की तस्वीर लगाई गई है. उसके सामने एक छोटा सा मासूम बच्चा बैठा दिखाई दे रहा है. बैकग्राउंड में हर तरफ खून और हमलों में खंडहर इमारतें नजर आ रही हैं. नेतन्याहू का इशारा सीधे तो पर बीते साल 7 अक्टूबर को हमास द्वारा इजरायल में घुसकर किए गए हमलों की तरफ है. इन हमलों में 1,160 इजरायली लोगों की मौत हो गई थी. 250 से ज्यादा लोगों को हमास के आतंकी बंधक बनाकर अपने साथ ले गए थे. हालांकि बांद में अधिकांश लोगों को शांति समझौते के तहत बरी कर दिया गया था. बताया जा रहा है कि अभी भी करीब 100 इजरायली हमास के कब्जे में हैं.
इस घटना के बाद से गाजा पट्टी में घुसकर हमास के खिलाफ किए गए एक्शन के दौरान 30 हजार से ज्यादा मासूम फिलिस्तीनी लोगों की जान जा चुकी है. इजरायल की तरफ से पहले ही उत्तरी गाजा के लोगों को इलाका खाली कर दक्षिण की तरफ जाने का फरमान दिया गया था, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग राफा चले गए थे. ये लोग राफा में शरणार्थी कैंपों में रह रहे थे. हाल के दिनों में इजरायल ने राफा के शरणार्थी कैंपों पर बम गिराए, जिसमें 45 सिविलियन्स की मौत हो गई. इस घटना के बाद से ही ALL Eyes on Rafa सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा.
स्रोत: news18
