March 24, 2026
नीरज चोपड़ा ओलंपिक से पहले चोट से परेशान, डायमंड लीग से हटे, गोल्ड की उम्मीद को झटका
स्पोर्ट्स

नीरज चोपड़ा ओलंपिक से पहले चोट से परेशान, डायमंड लीग से हटे, गोल्ड की उम्मीद को झटका

Jul 2, 2024
भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने जांघ की मांसपेशी में परेशानी की वजह से पेरिस डायमंड लीग से नाम वापस ले लिया है.

नई दिल्ली. ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियन नीरज चोपड़ा पेरिस डायमंड लीग में भाग नहीं लेंगे. भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने जांघ की मांसपेशी में परेशानी की वजह से पेरिस डायमंड लीग से नाम वापस ले लिया है. डायमंड लीग रविवार को होनी है. नीरज चोपड़ा की चोट भारत के लिए बड़ा झटका है. इसी महीने 26 तारीख से पेरिस ओलंपिक (Paris Olympics 2024) होने हैं. नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक में गोल्ड जीतने के दावेदार हैं.

नीरज चोपड़ा ट्रेनिंग और थ्रो करते समय ब्लॉकिंग करने वाले अपने पैर को मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने ईएसपीएन से बातचीत में कहा, ‘मुझे थ्रो करते समय ब्लॉकिंग करने वाले पैर को मजबूत करना होगा क्योंकि उसी समय ग्रोइन में खिंचाव आता है. हम इस पर काम कर रहे हैं. मैं कुछ और टूर्नामेंट खेल सकता था और खेलना भी चाहता था. लेकिन मुझे लगा कि फिटनेस सबसे पहले है. थोड़ी भी असहजता महसूस होने पर रुक जाना ही ठीक है.’

नीरज चोपड़ा ने पिछले महीने फिनलैंड में पावो नुरमी गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था. नीरज ने कहा कि वे अब समझदार हो गए हैं और रिस्क नहीं लेते. उन्होंने कहा, ‘मैं ओलंपिक में गोल्ड जीतने से पहले हर टूर्नामेंट में भाग लेना चाहता था. लेकिन मैं अब अनुभव के साथ सही फैसले लेने लगा हूं. फिनलैंड में प्रदर्शन अच्छा था लेकिन अभी मुझे और काम करना होगा.’

स्रोतः न्यूज 18