Lice Removal Tips: बिग बॉस ओटीटी के तीसरे सीजन का आगाज हो चुका है। इस बार बिग बॉस ओटीटी के घर में एक्टर और एक्ट्रेस के साथ कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी देखे जा रहे हैं। इस लिस्ट में कानपुर की शिवानी कुमारी का नाम शामिल है। शिवानी कुमारी एक व्लॉगर हैं और लाखों लोग उन्हें फॉलो करते हैं। बिग बॉस के घर में भी वो अपना गेम काफी अच्छे से खेल रही हैं।
बिग बॉस के घर में अक्सर शिवानी कुमारी अपना सर खुजाते हुए नजर आ रही थीं। जब घर वालों ने उनसे इसकी वजह पूछी तो उन्होंने कहा कि ये रूसी यानी डैंड्रफ की वजह से है, लेकिन अब ये बात सामने आई है कि उनके सिर में जूं हैं, जिसके चलते बिग बॉस ने उनके लिए जूं मारने की दवा भी भेजी है।
सिर में जूं होने की वजह से लड़कियों को अक्सर शर्मिंदा होना पड़ता है। अगर आप भी इस परेशानी से जूझ रही हैं तो घरेलू नुस्खों के इस्तेमाल से इस परेशानी से राहत पा सकती हैं।
लहसुन और नींबू लगाएं
अगर आप भी बालों में जूं की समस्या से परेशान हैं तो 10 से 12 लहसुन की कलियों को पहले अच्छी तरह से पीस लें। अब इसमें नींबू का रस निचोड़ दें। इस पेस्ट को आधे घंटे के लिए अपनी स्कैल्प पर लगाएं। आधे घंटे के बाद बालों को शैंपू से धो लें। कुछ दिनों में आपको इसका असर दिखने लगेगा और आपको जूं की समस्या से राहत मिलेगी।
नींबू का रस
अगर आप चाहें तो सिर्फ नींबू का रस भी अपने बालों में लगा सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले नींबू के रस को एक कटोरी में निकाल लें। इस रस को अब रुई की मदद से अपने सिर की सतह पर लगाएं। आधे घंटे के बाद बालों को सादे पानी से धो लें। इससे भी आप जूं की समस्या से राहत पा सकते हैं।
नीम की पत्तियां
नीम का पेड़ तो हर घर के आसपास आसानी से मिल जाएगा। इसके इस्तेमाल से भी आप बालों की जूं को खत्म कर सकती हैं। इसके लिए नीम और तुलसी की पत्तियों को मिलाकर अच्छी तरह से पीस लें। इसके बाद अब एक पैन में कोकोनट तेल लेकर इसे हल्की आंच पर गर्म करें, फिर पत्तियों के पेस्ट को इसमें डाल दें। अब इस तेल को थोड़ी देर ठंडा होने दें। इसे तैयार करने के बाद इस पेस्ट को अपनी सिर की सतह पर लगाएं। आधे घंटे के बाद अपने बालों को धो लें और इसका रिजल्ट देखें।
नारियल का तेल और कपूर
गुनगुने नारियल के तेल में कपूर को पीस कर डाल दें। अब इसे हफ्ते में दो से तीन बार अपने बालों में लगाएं। इसके इस्तेमाल से भी आपको जूं से छुटकारा पाने में मदद मिलेगी। इन सभी चीजों का इस्तेमाल करते वक्त ध्यान रखें कि बाल धोने के बाद बालों में कंघी अवश्य करें।
डिसक्लेमर : इस लेख में दी गई सूचनाएं सामान्य जानकारियों पर आधारित हैं। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। इस लेख में दी गई जानकारी को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। त्वचा संबंधी किसी भी तरह की अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें।
स्रोत: अमर उजाला