World Brain Day 2024: मस्तिष्क को रखना है स्वस्थ और तेज तो जान लीजिए क्या खाएं-क्या नहीं?

World Brain Day 2024: मस्तिष्क को रखना है स्वस्थ और तेज तो जान लीजिए क्या खाएं-क्या नहीं?

World Brain Day 2024: मस्तिष्क को रखना है स्वस्थ और तेज तो जान लीजिए क्या खाएं-क्या नहीं?

हमारा मस्तिष्क शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। यह हमारे दिल की धड़कन, शरीर की सभी प्रणालियों और भावनाओं को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसलिए जरूरी है कि हम सभी अपने मस्तिष्क को स्वस्थ रखने पर विशेष ध्यान देते रहें। मस्तिष्क 24 घंटे काम करता रहता है, यहां तक कि जब आप सोते हैं, तब भी यह आपके पूरे तंत्रिका तंत्र को नियंत्रित करता है और शरीर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक संकेतों और निर्देशों को भेजता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आहार और लाइफस्टाइल में गड़बड़ी के कारण मस्तिष्क से संबंधित समस्याओं का जोखिम बढ़ गया है।

मस्तिष्क को स्वस्थ रखने में आहार की विशेष भूमिका होती है। विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर चीजें मस्तिष्क को पोषण देती हैं और इसे ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और बीमारियों से बचाती हैं। कुछ खाद्य पदार्थ मस्तिष्क पर नकारात्मक प्रभाव भी डालते हैं। इससे आपकी याददाश्त और मूड प्रभावित हो सकता है और दीर्घकालिक रूप से डिमेंशिया जैसे रोगों का खतरा भी बढ़ जाता है। 

मस्तिष्क को स्वस्थ और फिट कैसे रखें?

विभिन्न न्यूरोलॉजिकल स्वास्थ्य विषयों पर सार्वजनिक जागरूकता बढ़ाने और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के बारे में लोगों को शिक्षित करने के उद्देश्य से हर साल 22 जुलाई को विश्व मस्तिष्क दिवस मनाया जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कम उम्र से ही खान-पान को ठीक रखकर मस्तिष्क से संबंधित समस्याओं के जोखिमों को कम किया जा सकता है। इस महत्वपूर्ण अंग को समस्याओं से बचाने के लिए कुछ चीजों से बिल्कुल दूरी बना लेनी चाहिए।

आइए जानते हैं कि मस्तिष्क को स्वस्थ और फिट रखने के लिए क्या खाना चाहिए और क्या नहीं?

मस्तिष्क के लिए फायदेमंद आहार

मस्तिष्क की अच्छी सेहत के लिए आहार में कुछ चीजों को जरूर शामिल करना चाहिए।

  • वसायुक्त मछलियां ओमेगा-3 फैटी एसिड का बेहतरीन स्रोत होती हैं, इसके सेवन से याददाश्त की समस्या ठीक होती है। 
  • पालक, सलाद,  ब्रोकली जैसी पत्तेदार सब्जियां-साग मस्तिष्क के लिए बेहतरीन भोजन हैं।
  • वसायुक्त मछलियों की तरह, नट्स और सीड्स में भी ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट का उच्च स्तर होता है, जो मस्तिष्क के लिए बहुत लाभकारी हैं। 
  • नट्स का नियमित सेवन उम्र से संबंधित स्मृति हानि के जोखिम को कम कर सकता है। 
  • बादाम, अखरोट, हेजलनट्स और सूरजमुखी के बीज आदि का सेवन आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। 
  • आहार में डार्क चॉकलेट को शामिल करने भी बढ़िया विकल्प है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट होता है जिससे मस्तिष्क की बीमारियों का जोखिम कम होता है।

मस्तिष्क के लिए हानिकारक चीजें

  • मीठे पेय पदार्थ जैसे सोडा, स्पोर्ट्स ड्रिंक, एनर्जी ड्रिंक और पैक्ड फलों के जूस में चीनी की अधिकता होती है, जो मस्तिष्क के लिए नुकसादायक है।
  • चूहों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि चीनी का अधिक सेवन मस्तिष्क में सूजन और याददाश्त से संबंधित दिक्कतें बढ़ा सकती है।
  • ट्रांस फैट वाली चीजें भी याददाश्त को प्रभावित करती हैं और अल्जाइमर रोग के जोखिम को बढ़ा सकती हैं।
  • मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए शराब से बिल्कुल दूरी बनाने की सलाह दी जाती है। 

क्या कहते हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यह सच है कि जब बात आपके समग्र मानसिक स्वास्थ्य और संज्ञानात्मक क्षमताओं की आती है, तो इसमें आहार की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। हालांकि, जीवनशैली में थोड़ा-बहुत बदलाव भी बेहतर मस्तिष्क स्वास्थ्य सुनिश्चित करने में काफी मददगार साबित हो सकता है। उम्र से जुड़ी याददाश्त की कमी और संज्ञानात्मक गिरावट से भी बचाने में स्वस्थ दिनचर्या मददगार है। इसके लिए पर्याप्त नींद लें, हाइड्रेटेड रहें, नियमित रूप से व्यायाम करें और तनाव के स्तर को नियंत्रित रखने के लिए उपाय करते रहें। 

————————-
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

स्रोत: अमर उजाला