देहरादून-सहस्त्रधारा में बादल फटा, टपकेश्वर महादेव मंदिर डूबा – मंडी (हिमाचल) में भूस्खलन, 3 की मौत
देहरादून/मंडी, 16 सितम्बर।उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया है। मंगलवार सुबह देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में बादल फटने से तामसा नदी उफान पर आ गई। नदी का पानी टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में घुस गया, जिससे मंदिर के गर्भगृह तक जलभराव हो गया। मंदिर परिसर में दो फीट तक मलबा और गाद भर गई। आसपास की दुकानें, होटल और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।स्थानीय प्रशासन ने SDRF और NDRF टीमों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। अब तक पांच लोगों को सुरक्षित निकाला गया है जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और आंगनवाड़ियों को बंद रखने के आदेश दिए हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हालात की समीक्षा की और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने भी फोन पर स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक सहायता का भरोसा दिलाया।इधर, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। धर्मपुर क्षेत्र में भूस्खलन से एक मकान ढह गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, मंडी बस अड्डा भी पानी में डूब गया, जहां खड़ी 20 से अधिक बसें बह गईं। आसपास की कई दुकानें और वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।सावधानी बरतने की अपीलप्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएँ और सुरक्षित स्थानों पर रहें। आपात स्थिति में पुलिस और SDRF की हेल्पलाइन से संपर्क करें।

