March 24, 2026
SAHARA : बिकने जा रहा है सहारा बाजार कॉम्पलेक्स, 85 करोड़ की लगी पहली बोली; 10 नवंबर तक होगी नीलामी
भारत

SAHARA : बिकने जा रहा है सहारा बाजार कॉम्पलेक्स, 85 करोड़ की लगी पहली बोली; 10 नवंबर तक होगी नीलामी

Sep 25, 2025

लखनऊ ।
Sahara Complex: सहारा की लखनऊ स्थित प्रॉपर्टी बिकने जा रही है। गोमती नगर के सहारा कॉम्पलेक्स की पहली बोली 85 करोड़ की लगी है। गोमतीनगर स्थित सहारा बाजार काॅम्प्लेक्स बिकने जा रहा है। इसके लिए 10 नवंबर को ई नीलामी होगी। एलडीए ने बुधवार को इसकी सूचना जारी की है। नीलामी की आरक्षित कीमत 85 करोड़ रुपये रखी गई है।
विभूति खंड में वेव मॉल के पास ही एलडीए का काॅम्प्लेक्स है, जिसे वर्ष 1987 में 30 साल की लीज पर सहारा हाउसिंग काॅर्पोरेशन को दिया गया था। 2017 में इसका समय पूरा हो गया था। उसके बाद से नवीनीकरण नहीं कराया गया। बीते मई में एलडीए ने लीज निरस्त कर दी और जून में कब्जा भी ले लिया। कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों ने इसका काफी विरोध भी किया था। अब एलडीए इसे बेचने जा रहा है।

फ्री होल्ड होगी जमीन

अधिशासी अभियंता मनोज सागर के अनुसार काॅम्प्लेक्स काफी जर्जर हो गया है। इसमें करीब 150 दुकानें हैं। ऐसे में खरीदार उसे तोड़कर बना सकता है। जमीन फ्री होल्ड की जाएगी।http://president-droupadi-murmu-की-vri

कभी सहारा की शान था काॅम्प्लेक्स

लखनऊ के सहारा काॅम्प्लेक्स को माॅल कल्चर की शुरुआत का आधार माना जाता है। जिस समय ये काॅम्प्लेक्स शुरू हुआ था, हजारों लोग सिर्फ यहां की चमक-दमक देखने पहुंचते थे। लोग इसे शान ए सहारा का खिताब भी देते थे। शहर में नए-नए माॅल खुलने के साथ इसकी चमक फीकी पड़ती गई।
सहारा बाजार काॅम्प्लेक्स की नीलामी की आरक्षित कीमत भले ही 85 करोड़ है, लेकिन जानकारों का दावा है कि गोमतीनगर के बेहद पाॅश विभूति खंड में इस काॅम्प्लेक्स की जमीन की वास्तविक बाजार कीमत 150 करोड़ रुपये से कम नहीं। नीलामी में बोली इससे भी ज्यादा का दम खम दिखा सकती है। काॅम्प्लेक्स की जमीन का क्षेत्रफल 4741 वर्ग मीटर है।
सहारा बाजार काॅम्प्लेक्स को बेचने के लिए ई नीलामी 10 नवंबर होगी। उसके लिए सूचना जारी कर दी गई है। पंजीकरण भी खोल दिया गया है।- मनोज सागर, अधिशासी अभियंता, एलडीए