Bihar Election 2025: आज हो सकता है महागठबंधन में सीटों का फैसला, दिल्ली पहुंचे तेजस्वी और लालू यादव
इंदौर:
बिहार में विधानसभा चुनाव का रण बिगुल तो बज चुका है, लेकिन मैदान में किसके कितने सिपाही उतरेंगे, यह अभी तक तय नहीं हो पाया है। महागठबंधन और एनडीएन दोनों में ही सीट शेयरिंग को लेकर अब तक कोई फैसला नहीं हो पाया है। ऐसी संभावना है कि एनडीए की ओर से रविवार को सीटों के बंटवारे पर सहमति के साथ जानकारी सामने आ सकती है। वहीं महागठबंधन की ओर से भी अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आयी है।
हालांकि अभी तक राजद-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर खींचतान जारी है। इसी बीच वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी सीट और उपमुख्यमंत्री पद जैसी मांग कर रहे हैं। ऐसे में महागठबंधन में भी सीटों का मसला आसानी से सुलझता नहीं दिख रहा है। दिल्ली में इस तरह के सभी विवादों का समाधान निकालने पर चर्चा होने की संभावना है।
राजद और कांग्रेस में इस बात पर ठनी
बता दें कि महागठबंधन में सीटों को लेकर जो मुख्य समस्या है, वह कांग्रेस और आरजेडी के बीच है। 2025 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से 70 सीटों की मांग की जा रही है, जो कि पिछले विधानसभा चुनाव से अधिक है। वहीं आरजेडी काग्रेस को 50 से 55 सीट से ज्यादा नहीं देना चाहती है।
इसे लेकर दोनों ही पार्टियों के अपने-अपने तर्क हैं। कांग्रेस का कहना है कि पिछले चुनाव के बाद से उसकी स्थिति मजबूत हुई है, वहीं राजत के नेताओं की कहना है कि गठबंधन की वह मुख्य पार्टी है, सारी जिम्मेदारी उसके कंधों पर है। सीटों का बंटवारा भी उसी अनुसार होना चाहिए।
मुकेश सहनी मांग रहे 15 सीटें
वहीं कांग्रेस और राजद में चल रहे खींचतान के बीच विकासशील इंसान पार्टी VIP के मुखिया मुकेश सहनी कम से कम 15 सीटों की मांग को लेकर जिद पर अड़े हुए हैं। इतना ही नहीं मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री का पद भी मांग रहे हैं। वहीं गठबंधन में वाम दलों के साथ 35 सीटों पर सहमति बन चुकी है।
