September 22, 2026
Gold Prices: सोने का रेट 6 हजार और चांदी का रेट 9 हजार रुपये घटा, इंटरनेशनल मार्केट में गिरावट का दिख रहा असर
Business MP भोपाल

Gold Prices: सोने का रेट 6 हजार और चांदी का रेट 9 हजार रुपये घटा, इंटरनेशनल मार्केट में गिरावट का दिख रहा असर

Oct 23, 2025

इंदौर।

Gold Prices:  अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार दो दिनों से दोनों कीमती धातुओं में भारी गिरावट देखी जा रही है। बुधवार को अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में सोना एक प्रतिशत गिरकर 4100 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गया। इससे पहले मंगलवार को भी सोने में कम से कम पांच प्रतिशत की गिरावट आई थी। यह एक दिन में अगस्त 2020 के बाद हुई सबसे बड़ी गिरावट रही।

दरअसल उच्च स्तर पर जाने के बाद सोने-चांदी में निवेशक अब प्राफिट बुक करने लगे हैं। बिकवाली के कारण तो गिरावट है ही, वैश्विक भूराजनीतिक परिस्थितियां भी सोने-चांदी में गिरावट को बढ़ावा दे रही हैं। दरअसल चीन-अमेरिका की ट्रेड वार्ता को लेकर बाजार आशान्वित है। इसी के साथ ट्रंप और पुतिन की वार्ता से भी हल निकलने की उम्मीद की जा रही है। इन सबके अलावा डालर की मजबूती ने भी सोने की गिरावट का साथ दिया।

अमेरिका से जारी होने वाली रिपोर्ट का इंतजार

बाजार को अब शुक्रवार को अमेरिका से जारी होने वाली सीपीआई रिपोर्ट का इंतजार है। अंतरराष्ट्रीय बाजार के असर और घरेलू मांग सिमटने से भारतीय सराफा बाजार में भी सोने-चांदी के दाम अब नरम पड़ रहे हैं। इंदौर सराफा बाजार दीपावली के बाद बुधवार को ही मुहूर्त में खुला और सोने-चांदी में भारी गिरावट देखी गई। कारोबारियों के अनुसार दोनों धातुओं में अब निवेशक दूर हट रहे हैं और बिकवाली का जोर ही नजर आ रहा है।

भारत में थोड़ा मजबूत हुआ

भारतीय रुपया भी थोड़ा मजबूत हुआ है। ऐसे में बुधवार को सोने में लगातार गिरावट देखी गई। एमसीएक्स पर सोने के भाव 1,20,000 रुपये प्रति दस ग्राम तक आ गए। जबकि इंदौर सराफा में सोना केडबरी नकद में साढ़े छह हजार रुपये की गिरावट रही। सोना 24 कैरेट नकद में 1,24,500 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया।

आरटीजीएस में सोने के भाव 500 रुपये और घटाकर बोले गए। दूसरी ओर चांदी के भाव में भी 9000 रुपये की गिरावट देखी गई। चांदी चौरसा नकद में 1,50,000 रुपये प्रति किलो बोली गई। अच्छे आयात व उपलब्धता के कारण आरटीजीएस में चांदी नकद के मुकाबले एक हजार रुपये सस्ती बोली गई। जानकार अब निवेशकों को सोने-चांदी से दूरी बनाने की सलाह दे रहे हैं।

इंदौर सराफा बाजार में सोने और चांदी के रेट

सोना केडबरी रवा नकद में 1,24,500, सोना (आरटीजीएस) 1,24,000, सोना 22 कैरेट (जीएसटी अतिरिक्त) 1,10,300 रुपये प्रति दस ग्राम रहा। मंगलवार को सोना 1,31,000 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 1,50,000 चांदी आरटीजीएस 1,49,000, चांदी टंच 1,50,500 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 1,800 रुपये प्रति नग बिका। मंगलवार को चांदी 1,59,000 रुपये पर बंद हुई थी।