February 5, 2026
Delhi Blast का नया CCTV फुटेज: शाम 6:51 बजे सिग्नल पर गाड़ियों की भीड़, i-20 कार पहुंची और आग के गोले में बदल गई
दिल्ली भारत

Delhi Blast का नया CCTV फुटेज: शाम 6:51 बजे सिग्नल पर गाड़ियों की भीड़, i-20 कार पहुंची और आग के गोले में बदल गई

Nov 12, 2025

नई दिल्ली।

Delhi Blast: राजधानी दिल्ली में हुए ब्लास्ट मामले में एक नया CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने जांच को नई दिशा दे दी है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि शाम 6:51 बजे रेड सिग्नल पर कई वाहन रुके हुए थे, तभी एक सफेद रंग की i-20 कार वहां पहुंचती है और अचानक जोरदार धमाके के साथ आग के गोले में तब्दील हो जाती है।

धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों में भी आग लग गई। कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका धुएं से भर गया और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, फुटेज घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर लगे कैमरे का है। इसे जांच एजेंसियों को सौंप दिया गया है।

FSL और बम स्क्वॉड की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। कार के चेसिस नंबर और नंबर प्लेट के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि कार में विस्फोटक सामग्री पहले से मौजूद थी।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और NIA की टीम ने जांच की कमान अपने हाथ में ले ली है। घटनास्थल से जले हुए धातु के टुकड़े, तार और मोबाइल सर्किट जैसे सबूत बरामद हुए हैं। इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि विस्फोटक की प्रकृति का पता लगाया जा सके।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि “यह ब्लास्ट बेहद योजनाबद्ध तरीके से किया गया लगता है। CCTV फुटेज में कोई व्यक्ति कार के आसपास कुछ देर के लिए नजर आता है, उसकी पहचान की जा रही है।” पुलिस अब आस-पास के सभी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि कार के आने का रूट और संदिग्ध की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।