लाइफस्टाइल ।
त्योहारों या बाहर के खाने के बाद पेट फूलना, गैस बनना या भारीपन महसूस होना आम बात है। खराब हाजमा (Poor Digestion) शरीर में कई तरह की परेशानियां पैदा कर सकता है। यह न सिर्फ पेट की दिक्कतों की वजह बनता है, बल्कि थकान, सिरदर्द और त्वचा संबंधी समस्याएं भी बढ़ा सकता है।
अगर आप भी अक्सर पाचन संबंधी दिक्कत से परेशान रहते हैं, तो अपनी डाइट और लाइफस्टाइल में कुछ आसान बदलाव करके इसे दूर किया जा सकता है। आइए जानते हैं डाइजेशन सुधारने के 6 असरदार उपाय-
तेजी-तेजी में खाना खाने से पाचन प्रक्रिया पर असर पड़ता है। जब आप भोजन को अच्छी तरह चबाते हैं, तो लार में मौजूद एंजाइम खाने को तोड़ने में मदद करते हैं। इससे पेट पर कम दबाव पड़ता है और गैस, भारीपन जैसी दिक्कतें कम होती हैं।
पानी शरीर से टॉक्सिन निकालने में मदद करता है और पाचन एंजाइम्स को सक्रिय रखता है। दिन में कम से कम 8–10 गिलास पानी पिएं। खाने के तुरंत बाद बहुत ज्यादा पानी न पिएं, बल्कि आधे घंटे बाद लें।
3. नियमित व्यायाम या टहलना जरूरी
भोजन के बाद 15-20 मिनट की हल्की वॉक करने से पाचन क्रिया बेहतर होती है। इसके अलावा रोज़ाना योग या प्राणायाम करने से गैस, कब्ज और अपच जैसी समस्याएं दूर रहती हैं।
4. फाइबर युक्त आहार लें
डाइट में फाइबर शामिल करना पाचन के लिए बहुत फायदेमंद होता है। साबुत अनाज, दालें, सलाद, हरी सब्जियां और फल फाइबर के बेहतरीन स्रोत हैं। ये न सिर्फ कब्ज को रोकते हैं, बल्कि आंतों को स्वस्थ रखते हैं।
5. प्रोसेस्ड और तली चीजों से दूरी बनाएं
तली-भुनी या जंक फूड जैसी चीज़ें पाचन को कमजोर करती हैं। इनसे शरीर में एसिडिटी और सूजन की समस्या बढ़ सकती है। बेहतर होगा कि हल्का और घर का बना खाना खाएं।
6. पर्याप्त नींद और तनावमुक्त रहें
तनाव और नींद की कमी सीधे पाचन को प्रभावित करते हैं। रोज़ाना 7–8 घंटे की नींद लें और मेडिटेशन या गहरी सांस लेने जैसी गतिविधियां अपनाएं। इससे शरीर और मन दोनों को आराम मिलेगा।
सही खानपान, पर्याप्त पानी, नियमित वॉक और तनावमुक्त जीवनशैली से हाजमे की समस्या पर काबू पाया जा सकता है। अगर इसके बावजूद पेट संबंधी दिक्कतें बनी रहती हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।















