June 26, 2026
Flood in Assam: असम में सात और लोगों की मौत, बाढ़ की स्थिति में सुधार; अभी 17 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
INDIA

Flood in Assam: असम में सात और लोगों की मौत, बाढ़ की स्थिति में सुधार; अभी 17 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

Jul 10, 2024

असम में मंगलवार को बाढ़ के कारण सात लोगों की मौत हो गई। हालांकि बाढ़ की स्थित में सुधार देखा गया जिससे प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 17.70 लाख हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार कछार में दो लोगों की मौत हो गई जबकि धुबरी धेमाजी दक्षिण सलमारा नागांव और शिवसागर जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

 पीटीआई, गुवाहाटी। असम में मंगलवार को बाढ़ के कारण सात लोगों की मौत हो गई। हालांकि बाढ़ की स्थित में सुधार देखा गया जिससे प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 17.70 लाख हो गई है। साथ ही प्रमुख नदियों और उनकी सहायक नदियों के जल स्तर में कमी देखी जा रही है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, कछार में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि धुबरी, धेमाजी, दक्षिण सलमारा, नागांव और शिवसागर जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

भूस्खलन और तूफान में 92 लोगों की मौत

इससे पहले सोमवार को छह और लोगों की जान चली गई। राज्य में इस वर्ष बाढ़, भूस्खलन और तूफान में 92 लोगों की मौत हुई जबकि इनमें से केवल बाढ़ के कारण 79 लोगों की मौत हुई।

असम में बाढ़ से कुल 13,66,829 जानवर प्रभावित हुए हैं जबकि 20 जानवर बाढ़ में बह गए। बुलेटिन में कहा गया है कि क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे में 94 सड़कें, तीन पुल, 26 घर और छह तटबंध शामिल हैं।

काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में 131 जंगली जानवरों की मौत

इस बीच, एक अधिकारी ने बताया कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में अब तक कम से कम 131 जंगली जानवरों की मौत हो चुकी है, जबकि 96 अन्य को बचा लिया गया है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित जिलों में सभी राहत शिविरों में पूरी व्यवस्था की गई है और स्थिति सामान्य होने तक आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार रखा गया है।

स्रोत: जागरण