June 26, 2026
Israel Hamas War: इस्राइल-हिजबुल्लाह के बीच हमले बढ़े, अमेरिका ने दी चेतावनी; युद्धविराम पर हमास का बड़ा दावा
World

Israel Hamas War: इस्राइल-हिजबुल्लाह के बीच हमले बढ़े, अमेरिका ने दी चेतावनी; युद्धविराम पर हमास का बड़ा दावा

Jun 30, 2024

इस्राइल और हिजबुल्लाह के बीच जारी तनाव से पूरे मध्य पूर्व में संघर्ष बढ़ने का खतरा है। यही वजह है कि अमेरिका ने हालात को देखते हुए इस्राइल के समर्थन में अपना युद्धपोत भूमध्य सागर भेज दिया है। 

दुनिया पहले ही दो युद्धों से जूझ रही है, अब एक और संघर्ष की आहट ने चिंता बढ़ा दी है। दरअसल इस्राइल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। दोनों तरफ से हमले बढ़े हैं और ऐसी आशंका है कि दोनों पक्ष पूर्ण युद्ध का एलान कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो मध्य पूर्व में संघर्ष बढ़ने का खतरा पैदा हो जाएगा। इसे लेकर पूरी दुनिया में चिंता है। हालात को देखते हुए अमेरिका ने भी इस्राइल के समर्थन में अपना युद्धपोत भूमध्य सागर भेज दिया है। 

हिजबुल्लाह और इस्राइल के बीच हमले बढ़े
गौरतलब है कि ईरान समर्थित हिजबुल्लाह, इस्राइल और हमास के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से ही इस्राइल पर लगातार हमले कर रहा है। इस्राइल ने भी इन हमलों का जवाब दिया है। हालांकि बीते कुछ दिनों से दोनों तरफ से हमले बढ़े हैं। दरअसल इस्राइल के हमले में हिजबुल्लाह के एक शीर्ष कमांडर की मौत के बाद हिजबुल्लाह ने भी जवाबी कार्रवाई में इस्राइल पर बड़ी संख्या में रॉकेट और मिसाइलें दागीं। इस्राइल ने संकेत दिए हैं कि हमास के खिलाफ अभियान समाप्त होने के बाद वह लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई करेगा। 

इस्राइल हमास शांति वार्ता अटकी
इस्राइल और हमास के बीच शांति वार्ता भी अटकी हुई है। शांति वार्ता से उम्मीद थी कि इससे इस्राइल और हिजबुल्लाह के बीच भी शांति हो सकती है, लेकिन वार्ता के अटकने से तनाव लगातार बढ़ रहा है। हमास बंधकों को छोड़ने के एवज में स्थायी युद्धविराम की मांग कर रहा है, जबकि इस्राइल ने स्थायी युद्धविराम से इनकार कर दिया है। अमेरिका और यूरोपीय देश हिजबुल्लाह को चेतावनी दे रहे हैं कि अगर उसने इस्राइल के खिलाफ युद्ध छेड़ा तो उसे गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। हिजबुल्लाह को हमास की तुलना में ज्यादा मजबूत माना जाता है, लेकिन अमेरिका ने हिजबुल्लाह को चेताया है कि उसे अतिआत्मविश्वास का शिकार नहीं होना चाहिए और इस्राइल पर हमले से बचना चाहिए। एक अमेरिकी राजनयिक ने कहा है कि हिजबुल्लाह को ये संदेश भेज दिया गया है। 

बढ़ते तनाव पर संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता
इस्राइल और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ते संघर्ष से संयुक्त राष्ट्र भी चिंतित है और संयुक्त राष्ट्र में मानवीय मदद के प्रमुख मार्टिन ग्रिफिथ ने कहा कि अगर इस्राइल और हिजबुल्लाह के बीच युद्ध होता है तो वह सर्वविनाशकारी साबित हो सकता है। यह युद्ध लेबनान के लिए त्रासदी साबित होगी। अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने हाल ही में इस्राइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट से पेंटागन में मुलाकात की। इस मुलाकात में ऑस्टिन ने कहा कि इस्राइल हिजबुल्लाह के बीच की लड़ाई आसानी से पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में फैल सकती है। कई जानकारों का मानना है कि अगर हिजबुल्लाह, इस्राइल पर हमला करता है कि क्षेत्र के अन्य विद्रोही संगठन भी उसके साथ आ सकते हैं। यूरोप को डर है कि अगर ऐसा हुआ तो इससे शरणार्थी समस्या बढ़ेगी और बड़ी संख्या में लोग शरण के लिए यूरोपीय देशों का रुख कर सकते हैं। ऐसे में यूरोपीय देश और अमेरिका हालात को सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं।

स्रोत: अमर उजाला