March 24, 2026
Ujjain News: देर रात गरबा कार्यक्रमों में पहुंचे मुख्यमंत्री
भारत

Ujjain News: देर रात गरबा कार्यक्रमों में पहुंचे मुख्यमंत्री

Oct 1, 2025

उज्जैन।

Ujjain News: देर रात गरबा कार्यक्रमों में पहुंचे मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार देर रात नानाखेड़ा खेल परिसर में आयोजित गरबा उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नानाखेड़ा खेल स्टेडियम परिसर में जल्द ही हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव पार्क पैलेस में सिंधी समाज के गरबा उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर में भारत की शक्ति और पराक्रम दुनिया ने देखा। मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि हिंगलाज माता के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को सरकार 30 प्रतिशत सब्सिडी देती है।
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव जयसिंहपुरा में श्री महाकाल भैरव भक्त मंडल द्वारा स्थापित माता के पंडाल में दर्शन करने पहुंचे और अनिल फिरोजिया द्वारा सामाजिक न्याय परिसर में आयोजित गरबा उत्सव कार्यक्रम में भी उन्होंने भाग लिया।
बुधवारिया चौराहे पर माता के पंडाल में पहुंचे सीएम ने यहां माता का पूजन किया। इसके बाद उन्होंने नगरकोट माता मंदिर में माता की आरती की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर के बाहर दुकान से सिंघाड़े खरीदे और महिला दुकानदार से उनके परिवार और स्वास्थ्य की जानकारी ली।
नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहर में आयोजित विभिन्न गरबा महोत्सवों में शामिल होते हुए कहा कि नवरात्रि केवल पूजा का पर्व नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और सहअस्तित्व को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। गरबा और डांडिया जैसे आयोजन सामाजिक सद्भाव और उत्साह को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और बच्चे रंग-बिरंगे परिधानों में गरबा नृत्य में शामिल हुए। मंच पर कलाकारों ने देवी भजनों और पारंपरिक गीतों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर लोगों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया।